जब शैतान को पति-पत्नी के बीच आने की अनुमति दी जाती है, तो उनका विवाह एक निर्जन स्थान की तरह बनने लगता है। नीतिवचन 24:30-32 कहता है: “मैं आलसी के खेत के पास से, और निर्बुद्धि मनुष्य की दाख की बारी के पास से होकर गुजरा; और देखो, वह पूरी तरह काँटों से भर गई थी; उसकी सतह बिच्छू-पौधों से ढकी थी, और उसकी पत्थर की दीवार ढह गई थी। जब मैंने यह देखा, तो मैंने इस पर विचार किया; मैंने उसे देखा और शिक्षा प्राप्त की।” जब एक बगीचे की उपेक्षा की जाती है, तो वह बहुत जल्दी झाड़ियों और खरपतवार से भर जाता है। आपको बगीचे में जंगली घास, कटीले पौधे बोने की ज़रूरत नहीं पड़ती क्योंकि वे अपने आप उग आते हैं। यदि आप दो घरों के पास से गुजरते हैं और देखते हैं कि उनमें से एक का बगीचा बहुत सुंदर है और दूसरे का बगीचा उजाड़ है और जंगल जैसा दिखता है, तो आप यह कभी नहीं मानेंगे कि वह सुंदर बगीचा अपने आप बन गया होगा। सुंदर बगीचे वाले व्यक्ति ने उसे सुंदर बनाने के लिए निश्चित रूप से परिश्रम किया होगा और कष्ट उठाया होगा। इसके विपरीत, आप यह कभी नहीं मानेंगे कि उजाड़ बगीचे वाले व्यक्ति ने उसे वैसा बनाने के लिए बहुत मेहनत की होगी—उसका बगीचा केवल उपेक्षा और लापरवाही के कारण एक जंगल बन गया।
यही सिद्धांत विवाह पर भी लागू होता है। यदि आप एक सुंदर वैवाहिक जीवन देखते हैं, तो आप इस बात से सहमत हो सकते हैं कि यह स्वतः ही सुंदर नहीं बना है। पति और पत्नी दोनों ने इसे सुंदर बनाने के लिए मेहनत की है। किसी भी विवाह के लिए यह असंभव है कि वह पति-पत्नी दोनों के द्वारा नियमित रूप से 'खरपतवार' निकालने और उसे 'सींचने' के बिना एक सुंदर बगीचे जैसा बन जाए। इसके विपरीत, यदि आप अपने विवाह की उपेक्षा करते हैं, तो यह अपने आप ही एक जंगल जैसा बन जाएगा।
यदि आप सावधान नहीं रहे, तो शैतान एक लुटेरे की तरह आपके घर में प्रवेश करेगा और धीरे-धीरे लेकिन निश्चित रूप से, ताकि आपके वैवाहिक संबंधों को नष्ट कर सके। यह रातों-रात नहीं होगा। एक जंगल केवल दो या तीन दिनों में विकसित नहीं होता है। आप कल्पना कर सकते हैं कि सब कुछ ठीक है, लेकिन यदि आप अपने विवाह को संवारने और उसे सींचने में लापरवाही बरतते हैं, तो समय के साथ यह निश्चित रूप से एक उजाड़ जंगल बन जाएगा।
यदि आपका बगीचा पहले से ही एक जंगल बन चुका है, तो क्या होगा? आइए विचार करें कि एक उजाड़ भूमि को फिर से बगीचे में कैसे बदला जा सकता है।
परमेश्वर हमें दो महान प्रतिज्ञा देता है। पहला यशायाह 51:3 में है - "यहोवा उसकी निर्जन भूमि को अदन के समान और उसके मरुस्थल को यहोवा की वाटिका के समान बना देगा।" यह कितनी अद्भुत प्रतिज्ञा है! प्रभु से इसे अपने जीवन में पूरा करने के लिए कहें। यदि आप मांगेंगे नहीं, तो आपको मिलेगा भी नहीं। याकूब 4:2 कहता है, "तुम्हें इसलिए नहीं मिलता क्योंकि तुम मांगते नहीं हो।" प्रभु से प्रार्थना करें कि वह आपके वैवाहिक जीवन के जंगल को फिर से अदन की वाटिका में बदल दे, जैसा कि उसने वादा किया है।
दूसरी प्रतिज्ञा यहेजकेल 36:34-36 से है, "वह उजाड़ भूमि जो सब राही बटोहियों की दृष्टि में उजाड़ थी, फिर जोती-बोई जाएगी। और लोग कहेंगे, 'यह उजाड़ भूमि अदन की वाटिका के समान हो गई है।' मुझ यहोवा ही ने यह कहा और मैं ही इसे पूरा भी करूँगा।" यह एक ऐसे विवाह के बारे में बताता है जो इतना खराब हो चुका है कि वहाँ से गुजरने वाले लोग भी उसकी हालत देख सकते हैं। लेकिन परमेश्वर कहता है कि वह ऐसे बिगड़े हुए विवाह को भी फिर से वैसा ही बना देगा, और जो इसे उजाड़ देखते थे, वे कहेंगे कि अब यह अदन की वाटिका जैसा बन गया है।
इन अद्भुत प्रतिज्ञाओं को पढ़ने के बाद, यह याद रखना महत्वपूर्ण है कि आप पवित्र आत्मा की सहायता के बिना अपने विवाह के जंगल को फिर से बगीचे में नहीं बदल पाएंगे—न तो विवाह परामर्श की तकनीकों से और न ही कई पुस्तकें पढ़कर, बल्कि केवल पवित्र आत्मा की सहायता से। परमेश्वर ने यहेजकेल 36:26 में हमसे अपने पवित्र आत्मा देने की प्रतिज्ञा की है: "मैं तुम्हें एक नया हृदय दूँगा और तुम्हारे भीतर एक नई आत्मा डालूँगा; मैं तुम्हारे शरीर से पत्थर का हृदय निकाल दूँगा और तुम्हें मांस का हृदय दूँगा; मैं अपनी आत्मा तुम्हारे भीतर डालूँगा।" उत्पत्ति 2:10 में हम पढ़ते हैं कि अदन की वाटिका से होकर एक नदी बहती थी। वह नदी हमारे विवाह-रूपी बगीचे के बीच से बहने वाली पवित्र आत्मा का प्रतीक है, जो हर चीज़ को ताज़गी से भर देती है।
जब हम अपने वैवाहिक जीवन के जंगल को बगीचे में बदलने में अपनी बेबसी को स्वीकार करते हैं और मदद के लिए परमेश्वर को पुकारते हैं, तो वह हमारी सहायता करता है! भजन संहिता 127:1 कहता है, "यदि घर को परमेश्वर न बनाए, तो उसके बनाने वालों का परिश्रम व्यर्थ होगा।" अपने विवाह को फिर से बगीचे जैसा बनाने के लिए हमारा सारा परिश्रम तब तक व्यर्थ होगा जब तक प्रभु हमारी सहायता न करे। और यदि वर्तमान में हमारे पास एक सुंदर 'बगीचा' (सुखी वैवाहिक जीवन) है भी, तो भी हम इसे जंगल बनने से तब तक नहीं बचा पाएंगे जब तक प्रभु इसकी रक्षा न करे।
आज आपके वैवाहिक संबंध कैसे हैं? क्या यह एक जंगल बन चुका है? क्या आपने यह उम्मीद छोड़ दी है कि आपका विवाह कभी फिर से एक बगीचे जैसा बन सकता है? क्या आप कहते हैं, "मेरे जीवनसाथी के साथ एक सुंदर बगीचा बनाना असंभव है"? शैतान बिल्कुल यही चाहता है कि आप ऐसा कहें। लेकिन हमें कभी भी उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। अब जब आपने यह देख लिया है कि परमेश्वर उसे पुनः से निर्मित के सकता है, तो अपने विवाह के लिए विश्वास के साथ उन (प्रतिज्ञाओं) पर दावा करें। यहेजकेल 36:37 कहता है, "परमेश्वर यों कहता है: मैं इस बात के लिये भी इस्राएल के घराने की सुनूँगा कि उनके लिये इसे कर दूँ।"
जब हम परमेश्वर से मांगते हैं, तभी वह हमारे लिए इसे पूरा करता है। इसलिए, आपको प्रभु के पास आना चाहिए और कहना चाहिए, "प्रभु, मेरा विश्वास है कि आप मेरे विवाह में यह कर सकते हैं! मैं उम्मीद नहीं छोड़ूँगा।"