मत्ती 6:5-8 में हमें यह सिखाने के बाद कि प्रार्थना कैसे नहीं करनी चाहिए—पाखंडियों की तरह नहीं, अर्थहीन शब्दों को बार-बार दोहराकर नहीं, और लंबी प्रार्थनाओं के बल पर नहीं, बल्कि यह विश्वास करते हुए कि हमारा पिता जानता है कि हमें क्या चाहिए—यीशु हमें बताते हैं कि प्रार्थना कैसे करनी चाहिए। मैंने मसीहियों को देखते हुए मैंने यह ध्यान दिया है कि बहुत कम लोग ही यीशु की इन आसन बातों पर वास्तव में ध्यान देते हैं, जिन्हें एक बच्चा भी समझ सकता है। उन्होंने हमें सिखाया कि प्रार्थना कैसे नहीं करनी चाहिए, और कई लोगों ने उसे गंभीरता से नहीं लिया; और उन्होंने हमें प्रार्थना कैसे करनी चाहिए यह भी सिखाया, और इसे भी कई लोग गंभीरता से नहीं लिया है।
वह हमें ऐसी प्रार्थना नहीं सिखा रहे थे जिसे आँख मूँदकर दोहराया जाए। यदि आप हर वाक्य का अर्थ समझते हैं, तो इसे दोहराने में कोई बुराई नहीं है। लेकिन यीशु हमें एक ऐसा तरीका सिखा रहे थे जो हमारी सभी प्रार्थनाओं की विशेषता होनी चाहिए।
यीशु ने कहा कि जब तुम प्रार्थना करो, तो इस तरह करो— "हे हमारे पिता, जो स्वर्ग में है।" यीशु ने सबसे पहली बात यह कही कि जब आप परमेश्वर से बात करें, तो उसे 'पिता' कहकर पुकारें। पुराने नियम में कोई भी परमेश्वर की ओर ऊपर देखने और उसे "पिता" कहने की हिम्मत नहीं कर सकता था। पुराने नियम की प्रार्थना हमेशा ऐसी होती थी, "हे परमेश्वर, सर्वशक्तिमान प्रभु, इत्यादि।" इसका कारण यह था कि तब परमेश्वर ब्रह्मांड के सी.ई.ओ. की तरह थे और उनके लोग एक कारखाने के छोटे कर्मचारियों की तरह थे। आप किसी सी.ई.ओ. से अपनी मर्जी से बात नहीं कर सकते! लेकिन नई वाचा में, हम परमेश्वर की संतान हैं। ठीक वैसे ही जैसे किसी सी.ई.ओ. का बच्चा अपने पिता के दफ्तर में कभी भी जा सकता है और उन्हें "डैडी" कह सकता है, वैसे ही हमें परमेश्वर की संतान होने के विशेषाधिकार को समझने की जरूरत है। यह बिल्कुल अलग है!
फिर भी, अधिकांश मसीहियों के बारे में यह सच है कि वे परमेश्वर को "पिता" नहीं पुकारते; वे उन्हें "हे परमेश्वर" कहते हैं। इसमें कुछ गलत नहीं है। वह परमेश्वर हैं, और उन्हें परमेश्वर के रूप में संबोधित करना सही है; लेकिन यदि आप उन्हें केवल परमेश्वर के रूप में ही संबोधित करते हैं, और पिता के रूप में नहीं, तो कुछ कमी है।
पुराने नियम में, परमेश्वर का एक नाम था, यहोवा (या याह (इसका सटीक उच्चारण कोई नहीं जानता क्योंकि इब्रानी वर्णमाला में कोई स्वर नहीं थे))। जहाँ तक मेरा संबंध है, यह पूरी तरह से एक महत्वहीन चर्चा है, क्योंकि मैं परमेश्वर को यहोवा या याह नहीं पुकारता! मैं उन्हें "डैडी" (अब्बा) पुकारता हूँ।
वह मेरा पिता है क्योंकि यीशु ने हमें यह कहते हुए प्रार्थना करना सिखाया, "हे हमारे पिता।" रोमियों 8 में, हम सीखते हैं कि पवित्र आत्मा हमारे हृदयों में आता है और पुकारता है, "अब्बा! हे पिता!" (रोमियों 8:15) । फिर भी यदि आप लोगों द्वारा गाए जाने वाले कुछ गीतों को देखें, जैसे "मार्ग दिखा मुझे, ओ महान यहोवा" तो क्या वे अपने पिता से बात कर रहे हैं? वह यहोवा है, लेकिन हमें उन्हें अपने पिता के रूप में संबोधित करना सीखना होगा। यदि मेरे बच्चे मेरे पास आएं और कहें, "मिस्टर पूनन," तो मुझे लगेगा कि उनके साथ कुछ गड़बड़ है! वे मुझे मिस्टर पूनन क्यों बुला रहे हैं? उन्हें मुझे "डैडी" कहना चाहिए। जब मैं परमेश्वर के पास आता हूँ, तो मैं उन्हें यहोवा या याह नहीं कहता, भले ही वह उनका नाम है। मैं कहता हूँ, "पिता," क्योंकि वह मेरे पिता हैं। मैं उनकी संतान बन गया हूँ।
परमेश्वर की संतान बन जाने की यह वास्तविकता कई मसीहियों के मन में अभी तक नहीं बैठी है, और इसका कारण यह है कि वे खुद को पवित्र आत्मा के लिए नहीं खोलते। जब पवित्र आत्मा किसी व्यक्ति को भरता है, तो वह सबसे पहला काम यह करता है कि उसे "अब्बा, पिता" पुकारने के लिए प्रेरित करता है, जिसका अर्थ है, "डैडी"। क्या आपके साथ ऐसा हुआ है? यह बहुत ही महत्वपूर्ण बात है। यह ऐसी चीज़ नहीं है जिसे कोई आपको कहना सिखाए। यह एक स्वाभाविक, अंदरूनी पुकार है। वह आंतरिक वास्तविकता तब आती है जब पवित्र आत्मा किसी व्यक्ति के हृदय में आता है, जब उसका नया जन्म होता है। यदि वह आत्मा से भरा हुआ है, तो वह वास्तव में परमेश्वर को अपने पिता के रूप में जानता है। मसीही जीवन में यह सबसे महत्वपूर्ण बातों में से एक है—परमेश्वर को पिता के रूप में जानना और उन्हें पिता कहकर पुकारना। आप उसे 'प्रभु' कह सकते हैं, आप उसे 'परमेश्वर' कह सकते हैं, लेकिन आपकी प्रार्थना का मुख्य तरीका "अब्बा पिता" होना चाहिए।
न केवल "हमारे पिता," बल्कि यीशु ने कहा कि इस तरह प्रार्थना करो, "हमारे पिता जो स्वर्ग में हैं।" हम किसी सांसारिक पिता से प्रार्थना नहीं कर रहे हैं। मेरे सांसारिक पिता मुझसे बहुत प्रेम कर सकते हैं, लेकिन हो सकता है कि किसी कठिन परिस्थिति में वे मेरी मदद करने में असहाय हों। मेरा स्वर्गीय पिता असहाय नहीं है; वह पूरे संसार को चलाता है। वह भारत के प्रधानमंत्री से भी कहीं अधिक शक्तिशाली है! सोचिए यदि भारत के प्रधानमंत्री आपके पिता होते। यदि आपको कोई समस्या होती, तो आपको बस अपने डैडी को फोन करना होता और उन्हें इसके बारे में बताना होता। तो सोचिए, आपका स्वर्ग का पिता इस दुनिया के किसी भी व्यक्ति से कहीं अधिक सामर्थी और शक्तिशाली है। आप अपनी समस्याओं के साथ उनके पास क्यों नहीं जाते?
यीशु इस प्रार्थना के पहले ही वाक्य में विश्वास का एक आधार तैयार करने की कोशिश कर रहे थे। "हे हमारे पिता, जो स्वर्ग में हैं," प्रार्थना शुरू करने से पहले ही मेरे हृदय में यह स्पष्ट कर देता है कि मैं जिससे बात कर रहा हूँ, वह मेरा स्वर्गीय पिता है—एक ऐसा पिता जो मुझसे अत्यधिक प्रेम करता है। यह पिता स्वर्ग में है, और वह सर्वशक्तिमान है। ये दो सत्य—कि परमेश्वर मुझसे गहरा प्रेम करता है, और यह कि परमेश्वर सर्व-शक्तिशाली है—मेरे विश्वास का आधार हैं। वह किसी भी समस्या का समाधान कर सकता है—वह कुछ भी कर सकता है और वह मुझसे अत्यधिक प्रेम करता है। विश्वास के लिए इससे बड़ा आधार और कोई नहीं हो सकता।
इसके बाद आने वाली छह विनतियों में, यदि आप ध्यान से देखें, तो आप पाएंगे कि पहली तीन विनतियाँ परमेश्वर से संबंधित हैं। जब आप प्रार्थना में परमेश्वर के पास जाते हैं, तो आपकी पहली विनती क्या होती है? आप पाएंगे कि यह लगभग हमेशा आपके अपने लिए या आपके परिवार के लिए कुछ होता है। "प्रभु, इस ज़रूरत को पूरा करें," या "मेरी पीठ का दर्द ठीक करें," या "मुझे नौकरी दें," या "मेरे बच्चों का ख्याल रखें: उनके लिए नौकरी और जीवनसाथी का प्रबंध करें," इत्यादि। इन विनतियों में कुछ भी गलत नहीं है। हम निश्चित रूप से इन सभी चीजों के लिए प्रार्थना कर सकते हैं। परमेश्वर चाहते हैं कि हम हर छोटी से छोटी चीज के लिए उनके पास जाएं। यहाँ तक कि अगर आपकी चाबियाँ कहीं खो गई हैं, तो भी आप उन्हें खोजने के लिए परमेश्वर से मदद मांग सकते हैं।
आप परमेश्वर से हर छोटी और हर बड़ी चीज़ मांग सकते हैं, लेकिन आप प्राथमिकता किसे देते हैं? यीशु ने कहा कि जब आप प्रार्थना करें, तो आपकी प्राथमिकता परमेश्वर और उनकी ज़रूरतें होनी चाहिए। "पहले परमेश्वर के राज्य की खोज करने" का यही अर्थ है। मत्ती 6:33 में यीशु कहते हैं, "पहले तुम परमेश्वर के राज्य और उसके धर्म की खोज करो, तो ये सब वस्तुएं (सांसारिक ज़रूरतें) भी तुम्हें मिल जाएंगी।" आप उनके लिए मांग सकते हैं, लेकिन परमेश्वर के राज्य को सबसे पहले रखें; यही परमेश्वर का तरीका है।
यीशु कहते हैं कि आपकी पहली विनती यह होनी चाहिए— "हे परमेश्वर, मेरे स्वर्गीय पिता, तेरा नाम पवित्र माना जाए।" इस बात की चिंता न करें कि लोग मेरे नाम के बारे में क्या कहते हैं। वह महत्वहीन है, क्योंकि मेरी प्रतिष्ठा तो कचरे के डिब्बे के लायक है। क्या आप परमेश्वर के नाम से ज़्यादा अपने नाम और अपनी प्रतिष्ठा की चिंता करते हैं? यदि हाँ, तो आप उस तरीके से प्रार्थना नहीं कर रहे हैं जैसा यीशु ने हमें सिखाया है। कल्पना कीजिए कि किसी ने आपको या आपकी बेटी को बदनाम किया। क्या वह बात आपको उस अपमान से ज़्यादा परेशान करती है जो हमारे देश में यीशु के नाम का हो रहा है? हमें इस बात की पर्याप्त चिंता नहीं होती कि मसीही आपस में लड़ रहे हैं और बहुत से गलत काम कर रहे हैं। यदि यह बात हमें बिल्कुल भी परेशान नहीं करती, तो मुझे आश्चर्य होता है कि क्या वास्तव में परमेश्वर के साथ हमारा रिश्ता एक पिता के रूप में है। यदि आप अपने नाम, अपने परिवार के नाम और अपने बच्चों (लोग उनके बारे में क्या कह रहे हैं) के बारे में अधिक चिंतित हैं, तो आपको अपनी सोच को बदलने और उसे परमेश्वर पर केंद्रित करने की आवश्यकता है।
यीशु ने प्रार्थना को बहुत अधिक महत्व दिया। लूका 18:1 में यीशु ने जो बातें कहीं, उनमें से एक यह थी कि मनुष्यों को हमेशा प्रार्थना करनी चाहिए और हार नहीं माननी चाहिए—अर्थात निराश नहीं होना चाहिए। प्रार्थना पर दिए गए अपने दोनों दृष्टांतों में, यीशु ने निरंतरता पर जोर दिया। इसका एक उदाहरण लूका 18:1-8 में वह विधवा है जो एक न्यायकर्ता के पास गई, और तब तक मांगती रही जब तक कि उसे अपने दुश्मन के खिलाफ न्याय नहीं मिल गया। उसकी प्रार्थना शैतान और हमारे शरीर की अभिलाषाओं पर विजय पाने के लिए प्रार्थना है। दूसरा उदाहरण लूका 11:5-13 में है, जहाँ यीशु परमेश्वर से रोटी माँगने के बारे में बात कर रहे थे—यानी उस सामर्थ्य और वरदानों के लिए जो हमारे पास आने वाले किसी ज़रूरतमंद व्यक्ति की मदद करने के लिए चाहिए। दोनों ही दृष्टांतों में जोर लगातार प्रयास करने पर है; वह व्यक्ति तब तक खटखटाता रहता है जब तक उसे वह रोटी मिल नहीं जाती। प्रार्थना के बारे में यीशु की पूरी शिक्षा यह है कि कभी हार न मानें! परमेश्वर आपका पिता है: वह आपकी ज़रूरत पूरी करेगा, वह आपके लिए दुश्मन पर विजय पायेगा, और वह आपको वह सब कुछ देगा जिसकी आपको दूसरों को आशीष देने के लिए ज़रूरत है। हमें प्रार्थना और विश्वास में परमेश्वर के पास जाने की ज़रूरत है, यह विश्वास करते हुए कि वह हमें वह सब कुछ देगा जो हम उसकी महिमा के लिए माँगते हैं, आमीन।