“पवित्र वस्तु कुत्तों को न दो, और अपने मोती सूअरों के आगे मत फेंको; ऐसा न हो कि वे उन्हें अपने पैरों तले रौंदें और पलटकर तुम्हें फाड़ डालें” (मत्ती 7:6) । इसका क्या अर्थ है? ऐसा ही एक और घटना तब हुई थी जब यीशु सूर के इलाके, सिरोफ़ीनिसिया गए थे (मत्ती 15:21-28)। जब यीशु सूर पहुँचे, तो एक महिला अपनी बेटी के लिए मदद माँगने आई जो दुष्टात्मा से पीड़ित थी। यीशु ने पलटकर कहा, “यह ठीक नहीं कि बच्चों की रोटी लेकर कुत्तों के आगे डाल दी जाए” (मत्ती 15:26)। कुछ लोगों ने इस बात पर सवाल उठाए हैं।
क्या यीशु उन्हें कुत्ता कह रहे थे? क्या आप किसी एक अकेले व्यक्ति की मदद करने के लिए 150 किलोमीटर पैदल चलेंगे, वो भी उस व्यक्ति के लिए जिससे आप नफरत करते हों? 150 किलोमीटर पैदल चलने में कितना समय लगता है? इसमें कम से कम कुछ दिन तो लगेंगे ही। यहाँ हम उस महिला के लिए मसीह के प्रेम की गहराई को देखते हैं। यह जानते हुए कि वह उससे कितना गहरा प्रेम करते थे, हम देखते हैं कि प्रभु उसकी परीक्षा ले रहे थे कि क्या वह यह स्वीकार करते हुए कि वह परमेश्वर से किसी चीज़ की हकदार नहीं है, कोई भी छोटा स्थान लेने को तैयार थी। जब उसने कहा, “यह ठीक है। मैं एक कुत्ता हूँ, लेकिन क्या मुझे वे टुकड़े मिल सकते हैं जो मेज से गिरते हैं?” तब यीशु ने कहा, “हे महिला, तेरा विश्वास बड़ा है!” यीशु ने किसी से ऐसा पूरे जीवन में केवल दो ही बार कहा था, और दोनों ही बार गैर-यहूदी लोगों से कहा था। एक बार एक रोमी सूबेदार से, और दूसरी बार इस सिरोफ़ीनिसियाई महिला से। देखिए उन्होंने उसको कितना प्रोत्साहित किया!
हमें यह समझना चाहिए कि जब प्रभु यीशु पवित्रशास्त्र में कुत्तों और सूअरों के बारे में बात करते हैं, तो वे लोगों को तुच्छ नहीं समझ रहे होते। वे यह स्वीकार कर रहे होते हैं कि हम परमेश्वर से किसी भी चीज़ के हकदार बिल्कुल नहीं हैं। जो कोई भी यह सोचता है कि, 'मैं इसका हकदार हूँ कि परमेश्वर मेरे लिए कुछ करे', उसने परमेश्वर के सामने मनुष्य की स्थिति को नहीं समझा है। आप और मैं केवल नरक के ही हकदार हैं। यदि हम परमेश्वर के पास जाकर कहें, 'हे प्रभु, हमें वह दें जिसके हम हकदार हैं', तो उसे हमें नरक देना चाहिए। इसके अलावा जो कुछ भी हमें मिलता है, वह परमेश्वर का अनुग्रह है। जब हम इस बात को पहचान लेते हैं, तब हम देखेंगे कि हमें परमेश्वर से बहुत कुछ ऐसा मिलता है जिसके हम हकदार नहीं हैं। लेकिन ज्यादातर लोग इस सच्चाई को नहीं समझ पाते हैं।"
इसलिए, जब हम इस तरह का कोई विवरण देखते हैं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि हमें किसी के साथ कुत्तों जैसा व्यवहार करना है, या किसी के साथ सूअरों जैसा व्यवहार करना है। हम सभी पापी हैं। हर एक व्यक्ति पापी है। हम सब पापी हैं। हममें से कुछ लोग अपने पापों की क्षमा पाकर परमेश्वर के अनुग्रह से बचाए गए हैं, और कुछ लोग अब भी अपने पापों में जी रहे हैं, लेकिन मूल रूप से हम सभी शुरुआत में पापी ही हैं क्योंकि यह हमें आदम से विरासत में मिला है। इसलिए किसी भी व्यक्ति के पास यह सोचने का कोई कारण नहीं है कि वह दूसरे से बेहतर है, या किसी दूसरे को कुत्ते या सूअर की तरह नीची नज़र से देखे।
जब यीशु ने कहा, "वह जो पवित्र है, उसे कुत्तों को मत दो," तो उनका मतलब था, "ऐसी चीज़ लोगों को मत दो जिसका वे मूल्य न समझते हों।" एक कुत्ते को केवल एक हड्डी चाहिए होती है। उसे कोई पवित्र चीज़ नहीं चाहिए। जब एक मनुष्य परमेश्वर की तुलना में पृथ्वी की भौतिक चीज़ों में अधिक रुचि रखता है, तो एक मायने में वह किसी जानवर से बेहतर नहीं है। आप किसलिए जीते हैं? क्या आप केवल बच्चों का पालन-पोषण करने, संभोग करने, सोने और अच्छा भोजन खाने के लिए जीते हैं? खैर, यही सब तो जानवर भी करना चाहते हैं! जानवर हमेशा सांसारिक चीज़ों में रुचि रखते हैं। कुत्ते हमेशा धरती की ओर नीचे देखते रहते हैं। सूअर भी ऐसा ही करते हैं। आप कभी किसी कुत्ते या सूअर को स्वर्ग की ओर ऊपर देखते हुए नहीं पाते। जानवर हमेशा पृथ्वी की चीज़ों पर नीचे की ओर देखते हैं, और यहाँ 'कुत्ते' शब्द का यही अर्थ है - इसका अर्थ है "वे लोग जिनका मन सांसारिक चीज़ों पर लगा रहता है।"
एक सच्चे मसीही का सिर ऊपर उठा होता है। वह ऊपर की चीज़ों को देख रहा होता है। जो लोग ऊपर की चीज़ों में रुचि नहीं रखते, उन्हें पवित्र चीज़ें देना व्यर्थ है। यह सूअरों के सामने मोती डालने जैसा है। सूअरों को जिस चीज़ की ज़रूरत होती है, वह है ढेर सारा कूड़ा-कचरा। वे यही खाना पसंद करते हैं, इसलिए उन्हें वह देना व्यर्थ है जो पवित्र है। यीशु पहाड़ी उपदेश के बारे में बात कर रहे हैं - पहाड़ी उपदेश की शिक्षा अविश्वासियों के लिए नहीं है। मत्ती 7:6 का यही मुख्य बिंदु है: यह संदेश उन लोगों को मत दो जो नया जन्म पाए हुए नहीं हैं, क्योंकि वे इसका मूल्य नहीं समझ सकते। हमें यह पहचानने की आवश्यकता है कि हम प्रत्येक व्यक्ति को कौन सा सत्य दे सकते हैं। मसीह इस वचन में यही कह रहे हैं।
जो लोग नया जन्म पाए हुए नहीं हैं, उन्हें जिस संदेश को सुनने की आवश्यकता है, वह मन फिराव का संदेश है। उन्हें यह जानने की ज़रूरत है कि वे पापी हैं। उन्हें यह जानने की ज़रूरत है कि वे नरक के हकदार हैं। उन्हें यह जानने की ज़रूरत है कि वे भटके हुए हैं, परमेश्वर से अलग हो चुके हैं, और नरक में एक अनंत भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं। यही वह संदेश है जिसे गैर-मसीहियों और यहाँ तक कि मसीही परिवारों में पैदा हुए उन लोगों को भी सुनने की आवश्यकता है (जो नया जन्म पाए हुए नहीं हैं, जिनका मसीह के साथ कोई जीवित संबंध नहीं बना है)।
हर मनुष्य, यदि वह अपने जीवन में परमेश्वर को पहला स्थान नहीं देता है, तो वह वास्तव में एक जानवर की तरह है। एक जानवर की परमेश्वर में कोई रुचि नहीं होती, प्रार्थना में कोई रुचि नहीं होती, और परमेश्वर क्या कहना चाहते हैं यह सुनने में कोई रुचि नहीं होती। जब पृथ्वी पर कोई ऐसा मनुष्य रह रहा हो जिसकी प्रार्थना में कोई रुचि न हो, परमेश्वर में कोई रुचि न हो, और परमेश्वर उससे क्या कहना चाहते हैं यह सुनने में कोई रुचि न हो, तो वह किसी जानवर से बेहतर नहीं है। एक जानवर की रुचि संभोग में होती है। जब मनुष्य की मुख्य रुचि संभोग में होती है, तो वह एक जानवर की तरह होता है। हर जानवर की रुचि संभोग और भोजन में होती है, और जब मनुष्यों की रुचि केवल भोजन, संभोग, सोने और बच्चे पैदा करने में होती है, तो वे बिल्कुल जानवरों की तरह होते हैं। लेकिन जब परमेश्वर ने आदम को बनाया, तब एक अंतर था। उन्होंने आदम को उसी मिट्टी से बनाया जिससे उन्होंने सूअरों, कुत्तों और अन्य सभी जानवरों को बनाया था। वह बिल्कुल एक जैसी ही मिट्टी है।
यदि आप कुत्तों और सूअरों के आंतरिक अंगों को देखें, तो मनुष्य के आंतरिक अंगों और इन जानवरों के आंतरिक अंगों के बीच बहुत समानता है। इसलिए प्रभु जो कह रहे थे वह यह है कि, शारीरिक रूप से, ये दोनों एक ही सामग्री से बने हैं। और यही कारण है कि परमेश्वर ने जानवरों और मनुष्य दोनों को छठवें दिन बनाया। छठवें दिन के पहले भाग में उन्होंने जानवरों को बनाया, और छठवें दिन के दूसरे भाग में उन्होंने मनुष्य को बनाया। लेकिन जानवरों के साथ एक बड़ा अंतर था: परमेश्वर ने उनमें अपनी साँस नहीं फूंकी। जब वे मिट्टी से बनाए गए थे, तो उनमें अपने आप ही साँस आ गई थी, लेकिन जैसे ही मनुष्य बनाया गया, परमेश्वर ने उसके भीतर अपनी साँस फूंक दी, और वह एक जीवित प्राणी बन गया (उत्पत्ति 2:7), और यही वह बात थी जिसने उसे तुरंत जानवरों से अलग कर दिया - परमेश्वर की साँस।
यदि परमेश्वर ने आदम में अपनी साँस न फूंकी होती, तो वह भले ही एक मनुष्य जैसा दिखता, लेकिन वह एक जानवर की तरह होता। लेकिन जिस क्षण परमेश्वर ने उसके भीतर अपनी साँस फूंकी, वह एक जीवित प्राणी बन गया। वह एक अमर प्राणी बन गया, जानवरों के विपरीत, जो अमर नहीं हैं। जब एक जानवर मरता है, तो वह केवल मिट्टी बन जाता है। लेकिन जब परमेश्वर ने मनुष्य में अपनी साँस फूंकी और मनुष्य एक जीवित प्राणी बन गया, तो वह उसी क्षण एक अमर प्राणी बन गया। वह परमेश्वर के प्रति जवाबदेह एक अमर प्राणी बन गया। उसके पास 'अनंत जीवन' नहीं था, क्योंकि अनंत जीवन का अर्थ उस जीवन से है जिसकी कोई शुरुआत नहीं थी, और वह केवल परमेश्वर के पास है। लेकिन हम उस अनंत जीवन को तब प्राप्त कर सकते हैं जब हम अपने पापों से मन फिराते हैं और मसीह के पास आकर उन्हें अपने प्रभु और उद्धारकर्ता के रूप में स्वीकार करते हैं। तब हमारे पास अनंत जीवन होगा। अन्यथा, हम केवल ऐसे अमर प्राणी हैं जो नरक में जाते हैं और परमेश्वर से अलग होकर अनंत काल तक वहीं रहते हैं।
प्रभु जो कह रहे हैं वह यह है कि इस पृथ्वी पर लोगों की दो अलग-अलग श्रेणियाँ हैं। एक वे हैं जो बिल्कुल जानवरों (जैसे कुत्तों और सूअरों) की तरह जीते हैं, और दूसरे वे हैं जो यह पहचानते हैं कि उन्हें परमेश्वर की संतान होना चाहिए, और जो यह स्वीकार करते हैं कि परमेश्वर ने उन्हें अपने प्रति जवाबदेह एक अमर प्राणी बनाया है। जब परमेश्वर ने मनुष्य में साँस फूंकी, तो वह मिट्टी से बना था, लेकिन उसके पास एक विवेक भी था जिसने उसे इस बात का अहसास कराया कि वह अपने कार्यों और शब्दों के लिए परमेश्वर के प्रति जवाबदेह है। जानवरों के पास विवेक नहीं होता। जब वे कुछ गलत करते हैं तो उनमें अपराधबोध की कोई भावना नहीं होती, जबकि मनुष्य (भले ही वह जंगल का पूरी तरह से असभ्य व्यक्ति ही क्यों न हो) में अपराधबोध की भावना होती है क्योंकि उसके पास एक विवेक होता है।
यहाँ तक कि जंगलों में रहने वाले जंगली लोग भी झुकते हैं और पूजा करते हैं - उदाहरण के लिए, शायद किसी चट्टान, पत्थर या सूर्य की। एक तरह की जागरूकता होती है कि कोई सृष्टिकर्ता है, कोई शाश्वत सत्ता है जिसके प्रति वे जवाबदेह हैं। आपको कभी कहीं कोई धार्मिक कुत्ता नहीं मिलेगा, न ही कोई धार्मिक बंदर या सूअर मिलेगा। ऐसा क्यों है कि जंगली लोगों में भी उस शाश्वत सत्ता के प्रति जागरूकता की भावना होती है जिसके प्रति वे जवाबदेह हैं? ऐसा इसलिए है क्योंकि उनके पास एक विवेक होता है। हर मनुष्य के पास एक विवेक होता है, और यही बात मनुष्य को सूअरों, कुत्तों और अन्य जानवरों से अलग करती है।